वरिष्ठ टीवी पत्रकार संकेत उपाध्याय ने ‘NDTV’ को कहा अलविदा

वह यहां करीब चार साल से कार्यरत थे और इन दिनों कंसल्टिंग एडिटर के तौर पर अपनी जिम्मेदारी संभाल रहे थे। बता दें कि ‘एनडीटीवी’ के साथ उनकी यह दूसरी पारी थी।

Sanket Upadhyayवरिष्ठ टीवी पत्रकार संकेत उपाध्याय ने देश के बड़े मीडिया नेटवर्क्स में शुमार ‘एनडीटीवी’ (NDTV) में अपनी पारी को विराम दे दिया है। वह करीब साढ़े चार साल से यहां कंसल्टिंग एडिटर के तौर पर अपनी जिम्मेदारी निभा रहे थे। संकेत उपाध्याय ने इस्तीफा क्यों दिया और उनका अगला कदम क्या होगा, फिलहाल इस बारे में जानकारी नहीं मिल सकी है।

उन्होंने 2019 में दूसरी बार ‘एनडीटीवी’ के साथ अपनी पारी शुरू की थी। वह एनडीटीवी 24X7 और एनडीटीवी इंडिया दोनों ही चैनलों पर नजर आते हैं। वह NDTV इंडिया के रात नौ बजे के प्राइम टाइम शो ‘खबरों की खबर’ का चेहरा हैं। इसके अलावा संकेत हिंदी न्यूज जगत का सबसे पुराना डिबेट शो ‘मुक़ाबला’ और अंग्रेजी में देश का सबसे पुराना डिबेट शो ‘The Big Fight’ होस्ट करते हैं।

अंग्रेजी और हिंदी दोनों ही भाषाओं पर अच्छी पकड़ रखने वाले संकेत पूर्व में भी एनडीटीवी समूह का हिस्सा रह चुके हैं। ‘इंडिया अहेड’ से पहले वह अंग्रेजी चैनल ‘सीएनएन-न्यूज18’ (CNN-News 18) में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे थे।

उल्लेखनीय है कि संकेत उपाध्याय ने प्रिंट पत्रकार के तौर पर वर्ष 2002 में ‘इंडो एशियन न्यूज सर्विस’ (IANS) से अपने कॅरियर की शुरुआत की थी। इसके बाद वह जयपुर चले गए और ‘हिन्दुस्तान टाइम्स’ अखबार जॉइन कर लिया। वे वहां सिटी रिपोर्टर के तौर पर करीब दो साल तक कार्यरत रहे।

वर्ष 2005 में उन्होंने ‘एनडीटीवी’ के साथ टीवी की दुनिया में कदम रखा। यहां उन्होंने सिटी डेस्क से शुरुआत की और बाद में उन्हें  एनडीटीवी के अंग्रेजी चैनल ‘NDTV 24×7’ का लखनऊ ब्यूरो हेड बना दिया गया। जिस समय संकेत को यह बड़ी जिम्मेदारी दी गई, उस समय उनकी उम्र महज 23 साल थी।

वर्ष 2008 में संकेत ने दिल्ली का रुख किया और यहां अंग्रेजी चैनल ‘टाइम्स नाउ’ के साथ करीब साढ़े पांच साल तक काम किया। यहां उन्होंने प्रिंसिपल करेसपॉन्डेंट के तौर पर जॉइन किया था और वर्ष 2014 में जब इस्ती‍फा दिया था, तब वह यहां डिप्टी  न्यूज एडिटर के तौर पर काम कर रहे थे। अपनी इस पारी के दौरान संकेत ने लगभग सभी बड़ी घटनाओं, जिनमें बाढ़ की त्रासदी से लेकर चुनाव और दंगों सभी को कवर किया। सात बजे अपने शो की एंकरिंग के अलावा वह उस समय चैनल के एडिटर-इन-चीफ अरनब गोस्वामी की गैरमौजूदगी में कई बार ‘NewsHour’ शो को भी होस्ट करते थे।

वर्ष 2014 में संकेत ने आउटपुट इंचार्ज  के तौर पर ‘इंडिया टुडे’ ग्रुप जॉइन कर लिया था। यहां उन्होंने एक रिपोर्टर और एंकर दोनों की भूमिका निभाई। यहां अन्य महत्वपूर्ण काम करने के साथ ही उन्होंने ‘First Up’ शो को भी होस्ट  किया था।

इसके बाद संकेत उपाध्याय ने वर्ष 2016 में ‘CNN News 18’ में बतौर डिप्टी एग्जिक्यूटिव एडिटर के तौर पर अपनी पारी शुरू की। यहां चैनल के दिन के सभी ऑपरेशंस में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होती थी। इसके अलावा वह यहां शाम का प्राइम टाइम शो भी होस्ट करते थे। इसके बाद ‘इंडिया अहेड’ होते हुए उन्होंने फिर ‘एनडीटीवी’ के साथ अपनी दूसरी पारी शुरू की थी, जहां से अब उन्होंने इस्तीफा दे दिया है।

Loading...
loading...

Related Articles

Back to top button