द्विजेंद्र तिवारी की ‘हमारा महानगर’ में वापसी, संभाली एग्जिक्यूटिव एडिटर की जिम्मेदारी
द्विजेंद्र तिवारी एक सक्रिय लेखक और वेब पत्रकार भी हैं। वह इन दिनों स्वर्ण भस्म से भरपूर एक ग्रह पर आधारित एक कथा का ताना बाना बुन रहे हैं।

वरिष्ठ हिंदी राजनीतिक पत्रकार, संपादक और लेखक द्विजेंद्र तिवारी को महाराष्ट्र के प्रमुख हिंदी दैनिक ‘हमारा महानगर’ का एग्जिक्यूटिव एडिटर नियुक्त किया गया है। समाचार4मीडिया से बातचीत में उन्होंने अपनी नई जिम्मेदारी की पुष्टि की।
द्विजेंद्र तिवारी को मीडिया में काम करने का तीन दशक से अधिक का अनुभव है। उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के एक छोटे से गांव में शिक्षक परिवार में 1964 में जन्मे द्विजेंद्र तिवारी ने अपनी उच्च शिक्षा उत्तर प्रदेश में ही पूरी की और 1984 में वाराणसी से विज्ञान स्नातक (B.Sc.) की डिग्री हासिल की। इसके साथ ही, आधुनिक तकनीकों से तालमेल बिठाते हुए उन्होंने 2024 में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) बॉम्बे से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) में विशेष प्रशिक्षण भी प्राप्त किया।
द्विजेंद्र तिवारी के अनुसार, उनके पत्रकारिता करियर की शुरुआत ‘आज’ दैनिक और ‘अवकाश’ पत्रिका (वाराणसी) में स्वतंत्र विज्ञान लेखन से हुई। इसके बाद वह मुंबई आए, जहाँ माधुरी (टाइम्स ग्रुप), पॉपुलर बॉलीवुड पत्रिका ‘फ़िल्म सिटी’ से शुरुआत करने बाद, अल्पकाल के लिए लोकमत समाचार (लोकमत समूह नागपुर) के मुंबई ब्यूरो से जुड़े। इसके बाद मार्च 1989 में जनसत्ता और संझा जनसत्ता (इंडियन एक्सप्रेस समूह) के मुंबई संस्करण से जुड़े, जहां उन्होंने शुरुआती वर्षों में फ़िल्म, संगठित अपराध, राजनीतिक भ्रष्टाचार और नागरिक विषयों पर रिपोर्टिंग की। वहां उन्होंने वर्ष 1992 से 2000 तक मुख्य संवाददाता के रूप में सेवाएं दीं। जून 2000 से जून 2005 तक उन्होंने नवभारत (नागपुर समूह) के मुंबई संस्करण के प्रभारी संपादक का पद संभाला और महाराष्ट्र के राजनीतिक परिदृश्य को प्रमुखता से कवर किया।
इसके बाद जुलाई 2005 में वरिष्ठ मराठी पत्रकार निखिल वागले के स्वामित्व वाले हिंदी दैनिक ‘हमारा महानगर’ के अधिग्रहण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के बाद अगस्त 2013 तक उन्होंने इस दैनिक के संपादक के रूप में मुंबई में काम किया। सितंबर 2013 में उन्होंने ‘एब्सोल्यूट इंडिया’ (अंग्रेजी और हिंदी दैनिक) के मुंबई और भोपाल संस्करणों को लांच करने में अहम योगदान दिया और संपादक के रूप में जून 2020 तक कार्य किया। कोविड महामारी और उसके बाद के छह वर्षों में उन्होंने उपन्यास लेखन, स्वतंत्र स्तंभ लेखन, वेबसाइट परिचालन, राजनीतिक दलों को परामर्श सहित विभिन्न प्रकार के पत्रकारीय कार्य किए।
अब वह एक बार फिर मुंबई, पुणे और नासिक से प्रकाशित होने वाले ‘हमारा महानगर’ समूह में एग्जिक्यूटिव एडिटर के रूप में शामिल हुए हैं। उन्होंने अपने करियर में स्वर्गीय बालासाहेब ठाकरे और अमिताभ बच्चन जैसी देश की कई दिग्गज हस्तियों के साक्षात्कार लिए हैं। इसके अलावा, उन्होंने हिंदुस्तान (नई दिल्ली), दोपहर का सामना (मुंबई) और कई अन्य प्रमुख राष्ट्रीय व क्षेत्रीय दैनिक समाचार पत्रों में नियमित रूप से प्रभावशाली राजनीतिक कॉलम भी लिखे हैं। वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त पत्रकार हैं और अप्रैल 2007 में अमेरिकी विदेश विभाग वाशिंगटन द्वारा संचालित प्रतिष्ठित ‘इंटरनेशनल विजिटर लीडरशिप प्रोग्राम’ (IVLP) का हिस्सा रहे हैं, जिसके तहत उन्होंने द वाशिंगटन पोस्ट, लॉस एंजिल्स टाइम्स, द न्यूयॉर्क टाइम्स और वॉइस ऑफ अमेरिका जैसे प्रमुख अमेरिकी मीडिया संस्थानों का दौरा किया था। अमेरिका के अलावा वह इंग्लैंड, फ्रांस, स्विट्जरलैंड सहित कई यूरोपीय देशों का दौरा कर चुके हैं।
इसके अतिरिक्त, वह एक सक्रिय लेखक और वेब पत्रकार भी हैं। अंग्रेजी और हिंदी भाषा में लिखे उपन्यास जैसे ‘प्लूटोनियम गंगा’ (हिंदी), ‘एलियन इन मुंबई’, ‘इथरियल इविल’ और ‘सीक्रेट्स ऑफ पार्वती’ (अंग्रेजी) एमेजॉन और एप्पल बुक्स जैसे वैश्विक प्लेटफार्मों पर उपलब्ध हैं। उनके उपन्यास वैज्ञानिक तथ्यों को आधार बनाकर विज्ञान फैंटेसी पर आधारित होते हैं। वह इन दिनों स्वर्ण भस्म से भरपूर एक ग्रह पर आधारित एक कथा का ताना बाना बुन रहे हैं।

