अब नए अंदाज में युवाओं को प्रेरित करेगा ZEE न्यूज का ‘डॉ. सुभाष चंद्रा शो’

‘जी न्यूज’ पर युवाओं को प्रेरित करने वाला लोकप्रिय शो ‘डॉ. सुभाष चंद्रा शो’ अब एक नए रंग-रूप में वापस आया है। यानी अब यह शो बिल्कुल नए अंदाज में नजर आएगा।

बता दें कि ‘जी न्यूज’ पर प्रसारित होने वाला ‘डॉ. सुभाष चंद्रा शो’ अब जी मीडिया के विभिन्न न्यूज चैनलों पर भी प्रसारित किया जाएगा। नए अवतार में प्रसारित हो रहा यह शो अब नई संकल्पना और ताजगी के साथ एक बार फिर युवाओं के लिए कई प्रेरणात्मक बातें लेकर आ रहा है। एक नई पहल के तहत इस शो में कुछ ऐसी शख्सियतों को भी जानने का मौका मिलेगा जिन्होंने संघर्ष और दृढ़ संकल्प की बदौलत सफलता हासिल कर देश और दुनिया भर में अपनी अलग पहचान बनाई है। इस शो में अब गेस्ट भी बुलाए जाएंगे।

‘डॉ. सुभाष चंद्रा शो’ (DSC) की पहली कड़ी का आयोजन दिल्ली के रोहिणी स्थित महाराजा अग्रसेन टेक्नोलॉजी इंस्टीट्यूट में किया गया। इस दौरान राज्यसभा सांसद व एस्सेल ग्रुप के चेयरमैन डॉ. सुभाष चंद्रा ने बच्चों से सीधे तौर पर संवाद किया। इस नई सीरीज के पहले शो की थीम ‘मैं कौन हूं‘ थी। इस पहले एपिसोड के विशेष अतिथि ‘अर्थ सेवियर्स फाउंडेशन’ के संस्थापक रवि कालरा और हिमालय पर्वतारोहण संस्थान द्वारा माउंट एवरेस्ट के अभियान के लिए चुनी गईं देश की सबसे कम उम्र की महिला साची रॉय थीं। सांची देश की पहली ऐसी शख्सियत हैं जिन्होंने यूरोप की सबसे ऊंची पर्वत चोटी एल्बरस पर पहुंचने में सफलता हासिल की है।

इस दौरान डॉ. सुभाष चंद्रा ने देश के युवाओं को मंत्र देते हुए कहा कि हमें सबसे पहले अपने आप को पहचानने की जरूरत है। उन्होंने युवाओं को छठी इंद्री (Sixth sense) का बोध करवाते हुए कहा कि युवाओं को मुश्किल समय में सबसे ज्यादा अपने दिमाग का इस्तेमाल करना चाहिए और दिमाग से काम लेना चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि मुश्किल समय में हमें खुद पर नियत्रंण रखना चाहिए और ज्यादा से ज्यादा सकारात्मक सोच के साथ काम करना चाहिए।

वहीं संवाददाताओं के पूछे गए सवालों के जवाब में डॉ. चंद्रा ने कहा कि देश बहुत पॉजिटिव चीजें हो रही हैं, लेकिन कुछ लोगों का निगेटिव दिखाना जरूरी है। गुलामी के दौर में हमारा मकसद आजादी था। आजादी मिलने के अगले 10 सालों तक देश आजादी के नशे में डूबा रहा। अब हमें अगली पीढ़ी के लिए काम करने की जरूरत है क्योंकि वे आने वाले भारत की दशा और दिशा तय करेंगे।

Loading...
loading...

Related Articles

Back to top button