Trending

राज्य कर सहायक आयुक्त से 50 लाख की रंगदारी मांगी, मुकदमा दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस

हरिपर्वत थाने में सहायक आयुक्त राज्यकर अधिकारी की ओर से रंगदारी, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी और सरकारी कार्य में बाधा का मुकदमा दर्ज कराया गया है. आरोप है कि वाहनों की कर चोरी पकड़े जाने के बाद ट्रांसपोर्टर और उसके साथी साजिश कर रहे हैं. बताया जा रहा कि अजमन ट्रांसपोर्ट के असगर अली ने सहायक आयुक्त राज्यकर अधिकारी के खिलाफ अवैध वसूली की शिकायत अपर आयुक्त राज्यकर से की है. हरिपर्वत थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.

हरिपर्वत थाना प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार शर्मा के अनुसार सहायक आयुक्त राज्य कर निवेदिता सिंह का आरोप है अजमन ट्रांसपोर्ट की कुछ गाड़ियों पर कर चोरी पकड़ी थी. जिस पर जुर्माना लगाया था. जिसके बाद से अजमन ट्रांसपोर्ट के असगर अली, रवि मोहन उर्फ डब्बू, छोटे व कुछ अज्ञात खफा हैं और लगातार धमकियां दे रहे हैं. मुझसे जुर्माने की रकम 50 लाख रुपये की मांग कर रहे हैं. आरोपी खुद को हिस्ट्रीशीटर बताते हैं.

थाना प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार शर्मा के मुताबिक सहायक आयुक्त राज्य कर निवेदिता सिंह की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करके जांच की जा रही है. सबूतों की पड़ताल की जा रही है.

आरोपी की शिकायत : मेवाती गली, सीओडी काॅलोनी भोगीपुरा निवासी असगर अली ने अपर आयुक्त राज्य कर से निवेदिता सिंह (सहायक आयुक्त राज्य कर) की लिखित शिकायत की है. असगर अली ने अवैध वसूली का आरोप लगाया है. शिकायत में कुछ वाहनों के नंबर भी दिए हैं. आरोप है कि 3 लाख 6 हजार रुपये का अर्थदंड गलत तरीके से लगाया गया है. विभागीय स्तर पर असगर अली और सहायक आयुक्त राज्य कर निवेदिता सिंह की भी जांच हो रही है.

Loading...
loading...

Related Articles

Back to top button