Trending

लखनऊ में MBBS में एडमिशन के नाम पर 45 लाख की ठगी; सोशल मीडिया पर विज्ञापन देख जालसाजों के झांसे में आए बुजुर्ग

पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया, बाकी की तलाश में जुटी.

मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस (MBBS) में दाखिले के नाम पर जालसाजों ने एक बुजुर्ग को 45 लाख रुपये का चूना लगा दिया. ठगों ने बुजुर्ग को उनकी नातिन के दाखिले का भरोसा दिया था. पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है.

कन्नौज के रहने वाले ओमप्रकाश बाजपेई ने पुलिस को बताया कि उन्हें फेसबुक पर एक विज्ञापन दिखा था. उसमें दिए गए नंबर पर संपर्क किया तो उन्हें 5 जून को लखनऊ स्थित कंसल्टेंसी ऑफिस बुलाया गया. जहां उनकी मुलाकात अभिनव शर्मा से हुई. जिसने खुद को कंसल्टेंसी का एमडी बताया.

अभिनव शर्मा ने उन्हें बाराबंकी के एक मेडिकल कॉलेज में उनकी नातिन का एडमिशन दिलाने का भरोसा दिया, जिसके लिए उन्हें 80 लाख रुपये फीस बताई. 60 लाख रुपये एक बार में देने पर एडमिशन कराने की बात कही. पीड़ित ने 13 और 14 जून को ठगों के बताए गए खातों में 45 लाख रुपये डाल दिए.

वहीं, नीट (NEET) 2025 की तीसरी राउंड की काउंसिलिंग का रिजल्ट 4 नवंबर को जारी हुआ, जिसमें ओमप्रकाश की नातिन का नाम नहीं था. इसके बाद उन्हें ठगी का एहसास हुआ. जब उन्होंने कंसल्टेंसी से अपने पैसे वापस मांगे, तो उन्हें रकम नहीं लौटाई गई. इसके बाद पीड़ित ने थाने में इस ठगी की शिकायत दर्ज कराई.

इंस्पेक्टर साइबर थाना बृजेश यादव ने बताया कि मामले में मुख्य आरोपी अभिनव शर्मा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. बाकी आरोपियों की तलाश की जा रही है. आगे की कार्रवाई की जा रही है.

Loading...
loading...

Related Articles

Back to top button