लखनऊ में हनीट्रैप; दोस्ती के बहाने आगरा से बुलाया, निर्वस्त्र कर पीटा, 8.69 लाख लूटे, 40 लाख की फिरौती मांगी

आगरा निवासी केंद्रीय कर्मचारी की टेलीग्राम ऐप पर युवती से दोस्ती हुई थी. लखनऊ के पीजीआई थाने में केस दर्ज.

केंद्रीय कर्मचारी के हनीट्रैप का शिकार होने का सनसनीखेज केस लखनऊ के पीजीआई थाने में दर्ज हुआ है. केंद्रीय कर्मचारी ने टेलीग्राम ऐप पर युवती से दोस्ती के बाद उसे बंधक बनाकर पीटने, लूट और फिरौती मांगने का आरोप लगाया है. केंद्रीय कर्मचारी का आरोप है कि युवती और उसके साथियों ने लखनऊ बुलाया और बंधक बनाकर रॉड से पीटा, निर्वस्त्र कर फोटो-वीडियो बनाए, और 8 लाख 69 हजार रुपये लूट लिए. इसके अलावा 40 लाख रुपये की फिरौती की मांग की है. केंद्रीय कर्मचारी की शिकायत पर पीजीआई पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

​पीजीआई इंस्पेक्टर धीरेंद्र कुमार सिंह के मुताबिक आगरा के बैकुण्ठ धाम क्षेत्र के रहने वाले शख्स आर्मी बेस वर्कशॉप में कार्यरत हैं. लगभग तीन माह पहले टेलीग्राम ऐप के जरिए उनकी जान पहचान किसी नैन्सी शर्मा नाम की लड़की से हुई थी. नैन्सी के बुलाने पर पीड़ित बीते 26 नवंबर को उससे मिलने तेलीबाग आए थे. आरोप है कि तेलीबाग पहुंचने पर नैन्सी ने अपने तीन सहयोगी युवकों से उन्हें बंधक बना लिया. आरोपियों ने पहले स्टील की रॉड से उनकी पिटाई की. ​

इसके अलावा बदमाशों ने विभिन्न खातों में 8 लाख 69 हजार रुपये ट्रांसफर करवा लिए. साथ ही उनका एटीएम कार्ड, क्रेडिट कार्ड, घड़ी, दो सोने की अंगूठियां और एक चांदी की अंगूठी छीन ली. ​लूटपाट के बाद आरोपियों ने विभागीय पहचान पत्र, आधार कार्ड की फोटो ले ली और निर्वस्त्र कर नैन्सी शर्मा के साथ फोटो और वीडियो भी बनाए. इसके अलावा तमंचा दिखा कर धमकी दी गई और 40 लाख रुपये और इंतजाम करने को कहकर छोड़ दिया. आरोपियों ने सादे कागज पर मनमाफिक बयान भी लिखवा लिया है.

इंस्पेक्टर धीरेंद्र कुमार सिंह के मुताबिक आगरा निवासी केंद्रीय कर्मचारी की शिकायत पर संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है. पीड़ित का मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा. पीड़ित के बताए तथ्यों के आधार पर विवेचना शुरू कर दी गई है. जांच में आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Loading...
loading...

Related Articles

Back to top button