Trending

‘DD यूपी’ को सोशल मीडिया के लिए चाहिए क्रिएटिव लोग, लखनऊ के युवाओं से मांगे आवेदन

उत्तर प्रदेश में 'DD यूपी' ने अपनी डिजिटल मौजूदगी मजबूत करने के लिए नई पहल शुरू की है।

उत्तर प्रदेश में ‘DD यूपी’ ने अपनी डिजिटल मौजूदगी मजबूत करने के लिए नई पहल शुरू की है। ‘DD यूपी’ अब सोशल मीडिया और वेबसाइट से जुड़े कामों के लिए क्रिएटिव और ऊर्जावान लोगों का पैनल तैयार करना चाहता है। इसके लिए खास तौर पर लखनऊ जिले में रहने वाले उम्मीदवारों से आवेदन मांगे गए हैं।

‘DD यूपी’ का मकसद पारंपरिक टीवी प्रसारण और डिजिटल ऑडियंस के बीच की दूरी को कम करना है। इसके तहत न्यूज, कृषि, लोक कला और मनोरंजन जैसे कार्यक्रमों को X (ट्विटर), इंस्टाग्राम, फेसबुक, लिंक्डइन और यूट्यूब जैसे प्लेटफॉर्म्स पर ज्यादा प्रभावी तरीके से पहुंचाया जाएगा।

चुने गए लोगों को कंटेंट प्लानिंग, सोशल मीडिया पोस्ट और वीडियो बनाना, लाइव अपडेट देना और दर्शकों से जुड़ाव बढ़ाने जैसे काम करने होंगे। इसके अलावा छोटे वीडियो (रील्स/शॉर्ट्स) और ग्राफिक्स तैयार करने की भी जिम्मेदारी दी जाएगी।

इस काम के लिए भुगतान असाइनमेंट के आधार पर किया जाएगा। वेबसाइट एडिटर या सोशल मीडिया एडिटर को प्रति असाइनमेंट 3000 रुपये मिलेंगे, जबकि असिस्टेंट को 2000 रुपये प्रति असाइनमेंट दिए जाएंगे।

योग्यता की बात करें तो एडिटर के लिए ग्रेजुएशन के साथ डिजिटल मार्केटिंग या सोशल मीडिया से जुड़ा डिप्लोमा या सर्टिफिकेट और कम से कम एक साल का अनुभव जरूरी है। वहीं असिस्टेंट के लिए 12वीं पास होने के साथ संबंधित कोर्स और कुछ अनुभव होना चाहिए। हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं का ज्ञान जरूरी है, जबकि भोजपुरी, अवधी, ब्रज या बुंदेली जैसी स्थानीय बोलियों की जानकारी को प्राथमिकता दी जाएगी।

‘DD यूपी’ ने साफ किया है कि यह काम पूरी तरह असाइनमेंट बेसिस पर होगा। इसका मतलब यह है कि यह कोई स्थायी नौकरी नहीं है और इससे भविष्य में पर्मानेंट नौकरी का दावा नहीं किया जा सकता। जरूरत के हिसाब से ही काम दिया जाएगा और एक महीने में अधिकतम सात दिन तक काम मिल सकता है।

चयन प्रक्रिया पारदर्शी और मेरिट के आधार पर होगी। आवेदन टीवी स्क्रोल और फेसबुक पेज के जरिए मांगे जाएंगे, जिसके बाद स्क्रीनिंग और इंटरव्यू के जरिए उम्मीदवारों को पैनल में शामिल किया जाएगा।

इच्छुक उम्मीदवार अपने आवेदन स्पीड पोस्ट या सीधे डीडी केंद्र, लखनऊ के पते पर भेज सकते हैं। आवेदन करने की आखिरी तारीख 5 मई 2026 तय की गई है।

‘DD यूपी’ की इस पहल को डिजिटल दौर में खुद को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है, जिससे क्षेत्रीय कंटेंट को ज्यादा लोगों तक पहुंचाया जा सके।

आवेदन फॉर्म डाउनलोड करने और अधिक जानकारी प्राप्त करने के लिए कृपया ‘DD यूपी’ पर क्लिक करें।

Loading...
loading...

Related Articles

Back to top button