प्रसार भारती में एंकर की वैकेंसी, DD India और PB-शब्द के लिए मांगे आवेदन
प्रसार भारती ने 'डीडी न्यूज' (Doordarshan News) के लिए एंकर के चार पदों पर भर्ती का नोटिस जारी किया है। यह नियुक्ति दो साल के पूर्णकालिक (फुल-टाइम) कॉन्ट्रैक्ट के आधार पर की जाएगी।
प्रसार भारती ने ‘डीडी न्यूज’ (Doordarshan News) के लिए एंकर के चार पदों पर भर्ती का नोटिस जारी किया है। यह नियुक्ति दो साल के पूर्णकालिक (फुल-टाइम) कॉन्ट्रैक्ट के आधार पर की जाएगी। इच्छुक और योग्य भारतीय नागरिक आवेदन कर सकते हैं।
जारी नोटिस के अनुसार, कुल 4 पदों में से 2 पद DD India और 2 पद PB-शब्द (PB-SHABD) के लिए हैं। चयनित उम्मीदवारों की नियुक्ति दूरदर्शन भवन, नई दिल्ली में होगी।
चयनित उम्मीदवारों को हर महीने 1 लाख रुपये से 1.5 लाख रुपये तक का मानदेय दिया जाएगा। यह राशि उम्मीदवार के अनुभव और योग्यता के आधार पर तय की जाएगी और जरूरत पड़ने पर इसमें बातचीत (Negotiable) भी की जा सकती है।
क्या होनी चाहिए योग्यता?
आवेदन करने वाले उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से पत्रकारिता (Journalism), मास कम्युनिकेशन (Mass Communication) या संबंधित विषय में डिग्री या पीजी डिप्लोमा होना चाहिए।
इसके अलावा उम्मीदवार का व्यक्तित्व कैमरे के अनुकूल होना चाहिए, आवाज स्पष्ट और प्रभावशाली होनी चाहिए तथा उच्चारण, लहजा (Accent) और आवाज के उतार-चढ़ाव (Modulation) पर अच्छी पकड़ होनी चाहिए। अंग्रेजी भाषा पर अच्छी पकड़ भी अनिवार्य है।
अनुभव और आयु सीमा
इस पद के लिए उम्मीदवार के पास कम से कम 5 वर्ष का संबंधित क्षेत्र का अनुभव होना जरूरी है। आवेदन की अधिसूचना जारी होने की तारीख तक उम्मीदवार की आयु 45 वर्ष से कम होनी चाहिए।
क्या होंगी जिम्मेदारियां?
चयनित एंकर को समाचार बुलेटिन प्रस्तुत करने, लाइव इंटरव्यू लेने, ब्रेकिंग न्यूज को कवर करने, फील्ड से रिपोर्टिंग करने और सरकारी कार्यक्रमों की एंकरिंग जैसी जिम्मेदारियां निभानी होंगी। इसके अलावा वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा सौंपे गए अन्य कार्य भी करने होंगे।
प्रसार भारती ने कहा है कि उम्मीदवार में बेहतरीन संवाद कौशल (Communication Skills), मजबूत न्यूज़ सेंस, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय समसामयिक घटनाओं की अच्छी समझ तथा लाइव प्रसारण के दौरान तुरंत निर्णय लेने की क्षमता होनी चाहिए।
यह भर्ती उन मीडिया पेशेवरों के लिए एक अच्छा अवसर मानी जा रही है, जो राष्ट्रीय प्रसारक के साथ काम करना चाहते हैं और समाचार प्रस्तुति में पर्याप्त अनुभव रखते हैं।



