नोएडा फिल्म सिटी में महिला पत्रकार से छेड़छाड़, दिनदहाड़े बाइक सवार ने किया पीछा
नोएडा की फिल्म सिटी में बुधवार सुबह एक महिला पत्रकार के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। यह घटना दिनदहाड़े उस इलाके में हुई, जहां कई मीडिया संस्थानों के दफ्तर मौजूद हैं।
नोएडा की फिल्म सिटी में बुधवार सुबह एक महिला पत्रकार के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक बाइक सवार युवक ने ऑफिस जाते समय ऑटो-रिक्शा में बैठी पत्रकार का पीछा किया, अश्लील इशारे किए और अभद्र टिप्पणियां कीं। यह घटना दिनदहाड़े उस इलाके में हुई, जहां कई मीडिया संस्थानों के दफ्तर मौजूद हैं।
पीड़ित पत्रकार ने घटना के बाद सेक्टर-20 थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
ऑटो के साथ-साथ चलता रहा बाइक सवार
महिला पत्रकार ने बताया कि वह सुबह करीब 10 बजे एक्सप्रेस टॉवर स्थित अपने कार्यालय जा रही थीं। इसी दौरान एक बाइक सवार युवक उनके ऑटो के पास आया और अंदर झांकने लगा। इसके बाद वह लगातार ऑटो के साथ-साथ चलता रहा।
पत्रकार के अनुसार, युवक ने उनके पास आकर अश्लील इशारे किए और अभद्र टिप्पणियां भी कीं।
उन्होंने बताया, “शुरुआत में मुझे लगा कि शायद वह संयोग से साथ चल रहा है, लेकिन जब उसने बार-बार ऑटो के बराबर आकर गंदे इशारे करने शुरू किए, तब साफ हो गया कि वह मेरा पीछा कर रहा है। मैं उसका पीछा करना चाहती थी, लेकिन ऑटो उसकी बाइक की रफ्तार का मुकाबला नहीं कर सका।”
वीडियो बनाते ही भाग निकला आरोपी
पत्रकार ने अपनी शिकायत में बताया कि जैसे ही उन्होंने मोबाइल निकालकर वीडियो रिकॉर्ड करना शुरू किया, आरोपी वहां से भाग गया। हालांकि, वह उसका एक वीडियो बनाने में सफल रहीं, जिसमें काले कपड़े पहने एक युवक मोटरसाइकिल से ऑटो को ओवरटेक कर तेजी से भागता हुआ दिखाई देता है।
बाद में पत्रकार ने यह वीडियो सोशल मीडिया पर भी साझा किया।
CCTV से हुई पहचान
सेक्टर-20 थाना प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर ली गई है। जांच में उसका पता दिल्ली की एक झुग्गी बस्ती का मिला है।
उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और उम्मीद है कि एक-दो दिन के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस के अनुसार, आरोपी की गिरफ्तारी के बाद उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी।
महिला सुरक्षा पर उठे सवाल
घटना के बाद पत्रकार ने कहा कि नोएडा जैसे शहर में दिनदहाड़े इस तरह की घटना होना बेहद चिंताजनक है। उनके मुताबिक, यह मामला महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है, खासकर ऐसे इलाके में जहां बड़ी संख्या में मीडिया संस्थानों के कार्यालय मौजूद हैं।
