‘साली प्रज्ञा मिश्रा जानती थी बीवी का सीक्रेट…’, मानस ने पहले लगाया व्हाट्सएप स्टेटस, फिर धायं-धायं दाग दीं गोलियां
मशहूर यूट्यूबर प्रज्ञा मिश्रा की बहन दिव्या मिश्रा की हत्या कर दी गई है. उसकी हत्या उसके ही पति मानस ने की है. इतना ही नहीं बीवी को मारने के बाद मानस ने स्टेटस लगाया और फिर अपनी और अपनी बहन की जान ले ली. आइए जानते हैं आखिर क्या था आखिरी मैसेज.
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से आज ऐसी खबर आई, जिसने सभी को चौंका दिया. यूट्यूबर प्रज्ञा मिश्रा की बहन दिव्या मिश्रा की उसके पति मानस ने गोली मारकर हत्या कर दी. इतना ही नहीं, मानस ने घर जाकर अपनी बहन तूलिका की भी हत्या कर दी और उसके बाद अपनी जान दे दी. सवाल खड़ा हुआ कि आखिर क्या हुआ जो मानस ने दो-दो जान ले ली. अब पूरी घटना को अंजाम देने वाले मानस का आखिरी व्हाट्सएप स्टेटस सामने आया है. उससे समझ आया कि आखिर माजरा क्या था. आइए जानते हैं सब.
यह है मामला
दिव्या मिश्रा आईसीआईसीआई बैंक में रिलेशनशिप मैनेजर के रूप में काम करती थीं. पति मानस भी एसबीआई में काम करता था. दोनों के बीच तलाक का केस चल रहा था. गुरुवार दोपहर 12 बजे कार सवार युवक ने कॉल करके महिला रिलेशनशिप मैनेजर को आईसीआईसीआई बैंक के बाहर बुलाया. आरोपी पति और महिला मैनेजर के बीच थोड़ी देर तक बातचीत हुई. इसके बाद आरोपी पति अपनी पत्नी को गोली मारकर फरार हो गया.
गोली चलने की आवाज सुनकर अन्य बैंककर्मी और आसपास के लोग दौड़कर घटनास्थल पर पहुंच गए. आनन-फानन में महिला को पास के अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची. तब तक दूसरी तरफ गोमतीनगर में वारदात के बाद पति मानस हुसडिया चौराहे पर पहुंचकर अपनी बहन तूलिका की भी गोली मारकर हत्या कर दी. इसके बाद खुद को भी गोली मारकर खुदकुशी कर ली.
ये है आखिरी मैसेज
इस पूरी घटना से लखनऊ में हड़कंप मच गया. अब आरोपी मानस का आखिरी व्हाट्सएप स्टेटस सामने आया है. उसने लिखा- आज मैंने मेरी पत्नी की हत्या कर दी क्योंकि वो मुझे धोखा दे रही थी. अब मुझे मेरी बहन को और अपने आपको भी मारना पड़ेगा. मेरी पत्नी दिव्या की बहन प्रज्ञा और भरत सबकुछ जानते थे.
मानस द्वारा लगाए गए व्हाट्सएप स्टेटस में उसने अपनी साली और यूट्यूबर प्रज्ञा मिश्रा तथा उनके पति भरत यादव का भी जिक्र किया था. हालांकि, पुलिस प्रशासन अभी इस वायरल स्टेटस और हत्या के पीछे की वास्तविक मुख्य वजह की गहराई से जांच कर रहा है. पुलिस की टीम अब पूरे घटनाक्रम, वैवाहिक विवाद और पारिवारिक कलह से जुड़े सभी कानूनी और व्यक्तिगत पहलुओं की बारीकी से पड़ताल में जुटी हुई है. फॉरेंसिक टीम ने क्राइम सीन से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए हैं और शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है.



