लखीमपुर खीरी में जिला खनन अधिकारी पर हमला, ट्रैक्टर चढ़ाने और गनर से रायफल छीनने की कोशिश
लखीमपुर खीरी जिले के सिंगाही थाना क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ एक्शन से बौखलाए खनन माफिया के गुर्गों ने सरकारी टीम पर हमला बोल दिया. आरोप है कि टीम से मारपीट और गालीगलौज की गई. जिला खनन अधिकारी के गनर से रायफल छीनने की कोशिश भी की गई. जिला खनन अधिकारी पर ट्रैक्टर चढ़ाने की कोशिश भी की गई. मौके से दो ट्रैक्टर-ट्रालियां लेकर चालक भाग गए. वहीं, पुलिस ने दो ट्रालियों को कब्जे में ले लिया है. इस मामले में पुलिस ने नौ आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है.
कब हुआ हमला: जिला खनन अधिकारी आशीष सिंह ने बताया कि वह गनर प्रदीप कुमार और टीम के साथ सिंगाही क्षेत्र में अवैध खनन की शिकायतों की जांच करने निकले थे. मोतीपुर के पास दो बालू से भरी ट्रैक्टर-ट्रालियां और बालू भरने के लिए जा रही दो अन्य खाली ट्रैक्टर-ट्रालियां मिलीं. टीम ने कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर चालकों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए और तत्काल पुलिस को सूचना दी. उन्होंने बताया कि इसी दौरान 4 लोग आए और उनसे बदसलूकी शुरू कर दी. आरोप है कि चारों लोगों ने गनर प्रदीप कुमार पर हमला कर दिया और तमंचा सटाकर उनकी सरकारी राइफल छीनने का प्रयास किया. इस बीच खनन माफिया दो ट्रैक्टर-ट्रालियां लेकर भागने लगे.
जब उन्होंने रोकने की कोशिश की तो आरोपियों ने उन पर ट्रैक्टर चढ़ाने की कोशिश भी की. इस बीच आरोपी दो ट्रैक्टर-ट्राली लेकर भाग गए. सूचना पर सिंगाही थाना में तैनात हल्का इंचार्ज आशुतोष गहलौत फोर्स के साथ पहुंचे. पुलिस ने पीछा कर दो ट्रैक्टर-ट्रालियों को पकड़ लिया. आरोपी फरार हो गए.
पुलिस ने इनके खिलाफ दर्ज की रिपोर्ट: पुलिस ने मुन्ना खान, हीरालाल, रविंद्र भार्गव, फतेह सिंह के साथ 5 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है. जिला खनन अधिकारी आशीष सिंह की तहरीर के आधार पर सिंगाही थाने में ये रिपोर्ट दर्ज की गई है. सिंगाही थाना प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार ने बताया कि पुलिस ने जिला खनन अधिकारी की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है. पकड़ी गई दो ट्रैक्टर ट्रालियों को सिंगाही थाना में खड़ा करवा दिया गया है.

