बजता रहा राष्ट्रगान और चल दिए सतीश महाना… वीडियो पर UP में सियासी घमासान
UP विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना एक वीडियो के कारण विवादों में हैं, जिसमें वह उन्नाव में एक कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रगान बजते समय मंच से उतरते दिख रहे हैं. लोग इसे राष्ट्रगान का अपमान बता रहे हैं.
विधानसभा के अध्यक्ष सतीश महाना शनिवार को शहर के पूरन नगर स्थित एसवीएम इंटर कालेज में पहुंचे थे। यहीं का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रचलित हो रहा है। इसमें विधानसभा अध्यक्ष को गार्ड आफ आनर दिया गया। आरोप है कि राष्ट्रगान पूरा होने से पहले ही विधानसभा अध्यक्ष वहां से चले गए और उनके जाने के बाद भी राष्ट्रगान बजता रहा। कांग्रेसियों ने इसका विरोध किया।
जिला कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेता दिनेश शुक्ला ने फेसबुक पर लिखा कि अपने प्रोटोकाल का सम्मान लिया और चल दिए। क्या यह अपमान नहीं है राष्ट्र गान का… वहीं अन्य कई लोगों ने इस वीडियो को शेयर कर अपनी-अपनी प्रतिक्रिया दी। कार्यक्रम के आयोजक वेणु रंजन भदौरिया ने बताया जहां गार्ड आफ आनर दिया जा रहा था, वहां राष्ट्रगान नहीं बज रहा था। यह राष्ट्रगान जहां कार्यक्रम था वहां बज रहा, आवाज यहां तक आ रही थी।
दरअसल शनिवार (22 अगस्त) को उन्नाव के पूरन नगर के एक स्कूल में उत्तर प्रदेश प्रधानाचार्य परिषद का प्रांतीय अधिवेशन चल रहा था। इसमें सतीश महाना मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे थे. जहां उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया. जब वहां राष्ट्रगान (जन-गण-मन) चल रहा था, तभी महाना अचानक आगे बढ़ने लगे और राष्ट्रगान के बीच में ही गाड़ी में बैठकर वहां से रवाना हो गए.
महज 52 सेकेंड में गाए जाने वाले राष्ट्रगान के लिए भी सतीश महाना इंतजार नहीं कर सके. यही नहीं उनके साथ उनके समर्थक और कार्यक्रम में मौजूद अन्य लोग भी पीछे-पीछे रवाना हो गए. उनका ये वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है. वीडियो में सतीश महाना कान के पास कुछ ठीक करते हुए मंच से उतरते हुए दिखाई दे रहे हैं. जिसके बाद लोग संवैधानिक पद की गरिमा को लेकर सवाल उठा रहे हैं.
वहीं कांग्रेस ने भी इस घटना को लेकर सवाल उठाए हैं. जिला कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेता दिनेश शुक्ला ने इस घटना पर कड़ी आपत्ति जताते हुए सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया. उन्होंने अपने फेसबुक पर लिखा ‘अपने प्रोटोकॉल का सम्मान लिया और चल दिए. क्या यह अपमान नहीं है, राष्ट्रगान का?’. वहीं इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है और कई अन्य लोग भी इस वीडियो को शेयर कर अपनी अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. ये मामला चर्चा का विषय बना हुआ है.
वहीं आम आदमी पार्टी ने भी कार्यक्रमम का वीडियो शेयर करते हुए उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष पर सवाल खड़े किए हैं. पार्टी ने कहा ‘राष्ट्रगान को सम्मान देने तक का समय नहीं है उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष और भाजपा नेता सतीश महाना जी के पास। आज पूरा देश भाजपा से एक ही सवाल पूछ रहा है- राष्ट्रगान का अपमान करने वाले अपने नेता पर भाजपा क्या कार्रवाई करेगी?’
इधर विवाद के सामने आने के बाद कार्यक्रम के आयोजक वेणु रंजन भदौरिया ने सफाई पेश करते हुए सतीश महाना के बचाव में एक स्पष्टीकरण जारी किया. उन्होंने कहा कि जहां विधानसभा अध्यक्ष को गार्ड ऑफ ऑनर दिया जा रहा था, वास्तव में वहां राष्ट्रगान नहीं बज रहा था. उन्होंने स्पष्ट किया कि राष्ट्रगान अंदर मुख्य कार्यक्रम स्थल (सभागार) में बज रहा था, और उसकी केवल आवाज बाहर उस जगह तक आ रही थी जहां गार्ड ऑफ ऑनर दिया जा रहा था. आयोजक के मुताबिक, इस गलतफहमी के कारण ही ऐसा प्रतीत हो रहा है.
सतीश महाना कानपुर की महाराजपुर विधानसभा सीट से विधायक हैं और उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष हैं. वह उन्नाव के पूरन नगर स्थित एक स्कूल में उत्तर प्रदेश प्रधानाचार्य परिषद के 46वें प्रांतीय सम्मेलन और संगोष्ठी में शामिल होने पहुंचे थे.



