Trending

सीनियर टीवी जर्नलिस्ट निधि वासंदानी ने उठाया यह बड़ा कदम

निधि एक ट्रेंड क्लासिकल डांसर भी हैं, जिन्होंने कथक में ग्रेजुएशन किया है। वह कई स्टेज शो भी कर चुकी हैं। वह बच्चों को डांस भी सिखाती हैं।

सीनियर टीवी जर्नलिस्ट और जानी-मानी न्यूज एंकर निधि वासंदानी ने एक बड़ा फैसला लेते हुए ‘टीवी9 नेटवर्क’ (TV9 Network) से इस्तीफा दे दिया है। वह इस नेटवर्क के हिंदी न्यूज चैनल ‘टीवी9 भारतवर्ष’ (TV9 Bharatvarsh) में बतौर डिप्टी एडिटर करीब साढ़े तीन साल से अपनी जिम्मेदारी निभा रही थीं। फिलहाल वह नोटिस पीरियड पर हैं।

भड़ास4जर्नलिस्ट से बातचीत में निधि वासंदानी ने अपने इस्तीफे की पुष्टि की है। निधि के अनुसार, अब वह डिजिटल मीडिया और लॉन्ग-फॉर्म पॉडकास्ट की दुनिया में कदम रख रही हैं। उनका पॉडकास्ट विकास, विश्वास और खास लोगों की जीवन यात्राओं पर आधारित होगा। निधि का कहना था कि वह फिलहाल इस बारे में इससे ज्यादा कुछ नहीं बता सकती हैं लेकिन जल्दी ही विस्तार से अपडेट देंगी।

बता दें कि निधि वासंदानी को मीडिया में काम करने का दो दशक से ज्यादा का अनुभव है। वह इससे पहले करीब साढ़े तीन साल तक हिंदी न्यूज चैनल ‘रिपब्लिक भारत’ (Republic Bharat) में कार्यरत थीं। वह इस चैनल की शुरुआत से ही इसके साथ जुड़ी हुई थीं।

‘रिपब्लिक भारत’ से पहले निधि ‘इंडिया न्यूज’ (India News) में बतौर एग्जिक्यूटिव प्रड्यूसर और न्यूज एंकर काम कर चुकी हैं। हालांकि, यहां उनका सफर महज आठ महीने ही रहा था।

‘इंडिया न्यूज’ से पहले वह ’एबीपी न्यूज’ का चिर-परिचित चेहरा रही हैं। उन्होंने इस न्यूज चैनल के साथ करीब चार साल की पारी खेली। निधि वर्ष 2014 में ’एबीपी न्यूज’ के साथ जुड़ी थीं। वह 2014 के फीफा वर्ल्ड कप से लेकर ’एबीपी न्यूज’ के लोकप्रिय शो ‘कौन बनेगा मुख्यमंत्री’ तक कवर कर चुकी हैं। इसके साथ ही वह महाराष्ट्र और आस पास के राज्यों की खबरों वाला शो ‘मुंबई लाइव’ कवर कर चुकी हैं। निधि ये शो खुद ही बनाती थीं और इसकी एंकरिंग भी खुद ही करती थीं। नोटबंदी के दौरान निधि के काम को कई बार सराहा गया, क्योंकि उन्होंने कई ऐसे रिपोर्ट्स तैयार की थीं, जिसमें कैशलैस इंडिया की तस्वीर को उजागर किया गया था।

’एबीपी न्यूज’ से पहले निधि ’जी बिजनेस’ में कार्यरत थीं। यहां अप्रैल 2009 से मार्च 2014 तक अपनी पारी के दौरान उन्होंने प्रड्यूसर के साथ-साथ एंकरिंग की भी जिम्मेदारी संभाली। वह ‘जी मीडिया’ के अन्य न्यूज चैनलों में भी दे अपना योगदान दे चुकी हैं, जिनमें ‘जी’ यूपी/उत्तराखंड व ‘जी संगम’ शामिल है। इसके पहले वह मई 2007 से अप्रैल 2009 तक ‘सहारा समय’ में रही हैं। उन्होंने कुछ समय तक भोपाल में ‘राज न्यूज‘ और ‘भास्कर टीवी‘ के साथ भी काम किया है।

निधि ने इकनॉमिक्स (ऑनर्स) में ग्रेजुएशन किया है और वह डबल पोस्ट ग्रेजुएट  (मास कम्युनिकेशन और पॉलिटिकल साइंस) हैं। निधि एक ट्रेंड क्लासिकल डांसर भी हैं, जिन्होंने कथक में ग्रेजुएशन किया है। वह कई स्टेज शो भी कर चुकी हैं। वह बच्चों को डांस भी सिखाती हैं। चूंकि उनका नाता भोपाल से हैं, लिहाजा वह भोपाल के दूरदर्शन में कई बार परफॉर्मेंस भी दे चुकी हैं।

भोपाल की सर्वश्रेष्ठ क्लासिकल डांसर के तौर पर निधि को शिवराज सिंह चौहान सम्मानित भी कर चुके हैं। इसके अलावा निधि को वर्ष 2004 में सिंधि प्रतिभा के लिए नेशनल अवॉर्ड समेत कई पुरस्कारों से नवाजा जा चुका है। भड़ास4जर्नलिस्ट की ओर से निधि वासंदानी को उनके नए सफर के लिए अग्रिम रूप से ढेरों बधाई और शुभकामनाएं।

Loading...
loading...

Related Articles

Back to top button