बिहार सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के अधिकारियों की एक उच्चस्तरीय टीम ने लखनऊ स्थित निदेशालय का किया भ्रमण
बिहार के अधिकारियों ने विभाग में अपनाई जा रही तकनीकी आधारित व्यवस्थाओं, बेहतर समन्वय तंत्र और त्वरित सूचना संप्रेषण प्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में विकसित सूचना प्रबंधन और जनसंपर्क मॉडल अन्य राज्यों के लिए भी उपयोगी और प्रेरणादायी है। उन्होंने यह भी कहा कि अन्य राज्यों के भ्रमण के दौरान भी उन्हें उत्तर प्रदेश जैसी व्यापक और प्रभावी प्रचार-प्रसार प्रणाली देखने को नहीं मिली।
उत्तर प्रदेश सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की प्रचार-प्रसार एवं जनसंपर्क व्यवस्था का अध्ययन करने के लिए बिहार सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के अधिकारियों की एक उच्चस्तरीय टीम ने लखनऊ स्थित निदेशालय का भ्रमण किया। टीम ने विभाग की कार्यप्रणाली, नवाचारों और सूचना प्रसार की व्यवस्थाओं का विस्तृत अध्ययन किया।
भ्रमण के दौरान बिहार के अधिकारियों ने निदेशक सूचना विशाल सिंह और अपर निदेशक सूचना अरविंद कुमार मिश्र से शिष्टाचार भेंट कर विभाग की विभिन्न गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने उत्तर प्रदेश में संचालित प्रचार-प्रसार, मीडिया प्रबंधन और जनसंपर्क अभियानों की सराहना करते हुए कहा कि यहां विकसित कई व्यवस्थाएं बिहार में भी उपयोगी सिद्ध हो सकती हैं।
अध्ययन दौरे के दौरान टीम ने समाचार एवं मीडिया प्रबंधन समूह, पत्रकार कल्याण एवं मान्यता समूह, क्षेत्रीय एवं ग्रामीण पहुँच समूह, रचनात्मक एवं प्रदर्शनी समूह, आउटडोर एवं सांस्कृतिक प्रचार समूह तथा स्थापना, वित्त एवं कार्मिक समूह सहित सभी प्रमुख प्रभागों का अवलोकन किया। संबंधित अधिकारियों ने प्रत्येक प्रभाग की भूमिका और कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी दी।
बिहार की टीम ने समाचार संकलन, प्रेस विज्ञप्तियों के निर्माण, मीडिया समन्वय, जनसंपर्क अभियानों के संचालन तथा सूचना के त्वरित एवं तथ्यपरक प्रसारण की व्यवस्थाओं का विशेष रूप से अध्ययन किया। इसके साथ ही पत्रकार कल्याण योजनाओं, मान्यता व्यवस्था और पत्रकार हितों के संरक्षण से जुड़ी व्यवस्थाओं की भी जानकारी प्राप्त की।
टीम ने क्षेत्रीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों तक सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने की रणनीति, प्रचार सामग्री निर्माण, विभागीय प्रकाशनों, प्रदर्शनी आयोजनों तथा दृश्य-श्रव्य माध्यमों के उपयोग का भी अवलोकन किया। आउटडोर एवं सांस्कृतिक प्रचार गतिविधियों के माध्यम से जनजागरूकता अभियानों की जानकारी भी साझा की गई।
बिहार के अधिकारियों ने विभाग में अपनाई जा रही तकनीकी आधारित व्यवस्थाओं, बेहतर समन्वय तंत्र और त्वरित सूचना संप्रेषण प्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में विकसित सूचना प्रबंधन और जनसंपर्क मॉडल अन्य राज्यों के लिए भी उपयोगी और प्रेरणादायी है। उन्होंने यह भी कहा कि अन्य राज्यों के भ्रमण के दौरान भी उन्हें उत्तर प्रदेश जैसी व्यापक और प्रभावी प्रचार-प्रसार प्रणाली देखने को नहीं मिली।
बिहार से आई टीम में उपनिदेशक सूचना लाल बाबू सिंह, सहायक निदेशक हर्ष राजेश्वर राय एवं रंजीत कुमार रंजन शामिल रहे।



